road-repair-work-begin-blockade-averted

मुलमुला पुलिस की सूझबूझ से ग्राम आरसमेटा में प्रस्तावित चक्का जाम टला, सड़क मरम्मत कार्य शुरू

जांजगीर-चांपा, 07 फरवरी (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर -चांपा जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम आरसमेटा में आज शनिवार को स्थानीय ग्रामीणों द्वारा प्रस्तावित चक्का जाम को पुलिस की तत्परता और प्रशासनिक समन्वय से समय रहते स्थगित करा लिया गया। थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल की सूझबूझ और सक्रिय भूमिका से स्थिति को शांतिपूर्वक सुलझाते हुए किसी भी तरह की अव्यवस्था को टाल दिया गया।

ग्राम आरसमेटा के ग्रामीणों ने अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर चक्का जाम करने का आवेदन प्रस्तुत किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रशासनिक पहल करते हुए एसडीएम अकलतरा, पीएमजेएसवाई विभाग के अधिकारी, न्यूको प्लांट एवं साईं लीलाधर प्लांट के अधिकारियों की उपस्थिति में एक संयुक्त बैठक आयोजित की । बैठक में ग्राम अमोरा, आरसमेटा, सोनसरी एवं परसदा के सरपंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा।

बैठक के दौरान दोनों औद्योगिक प्लांट प्रबंधन द्वारा ग्रामीणों की मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया गया। इसके साथ ही सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए मरम्मत कार्य तत्काल प्रारंभ कर दिया गया। प्रशासन और प्रबंधन की सकारात्मक पहल के बाद ग्रामीणों ने प्रस्तावित चक्का जाम को समाप्त करने पर सहमति जताई।

इस पूरी प्रक्रिया में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी तत्परता, संवाद कौशल और सामंजस्यपूर्ण नेतृत्व के कारण स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित किया गया और चक्का जाम जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी गई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस एवं प्रशासन के इस सहयोगात्मक प्रयास की सराहना की।