ट्रैक्टर की टक्कर से घायल युवक ने वाराणसी में तोड़ा दम, चालक फरार
मीरजापुर, 18 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में वाराणसी-मीरजापुर मार्ग पर अदलहाट थाना क्षेत्र के सिकरा बरईपुर के सामने बुधवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए वाराणसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया।
चौकी इंचार्ज नरायनपुर आशुतोष शुक्ला ने बताया कि रमेश चौहान (30) पुत्र बाल्मिकी चौहान निवासी ग्राम बलिया शिकारगंज थाना चकिया, जनपद चंदौली किसी परिचित की बाइक वाराणसी पहुंचाने जा रहा था। बरईपुर के पास अचानक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक रमेश दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था और हलवाई के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।









