raid-in-ratia-3-doctors-arrest

फतेहाबाद में क्लीनिक पर चल रहा था नशे का अवैध कारोबार, तीन डॉक्टर काबू

फतेहाबाद, 04 फरवरी । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को एएनसी सेल फतेहाबाद एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने रतिया में बने अमर क्लीनिक पर छापेमारी की, जहां डाक्टरी की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार फल-फूल रहा था। छापेमारी के दौरान टीम ने क्लीनिक से कमर्शियल मात्रा में कुल 3,021 नशीली गोलियां, टैबलेट व इंजेक्शन बरामद किए तथा क्लीनिक संचालित कर रहे तीन डॉक्टरों को काबू किया गया। पुलिस के अनुसार, अमर क्लीनिक के संबंध में काफी समय से गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं कि यहां बिना वैध अनुमति नशीली दवाओं का भंडारण कर उन्हें बेचा जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एएनसी सेल फतेहाबाद ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम का गठन किया और पूरी योजना के तहत क्लीनिक पर रेड की गई। छापेमारी के दौरान क्लीनिक की गहन तलाशी ली गई, जिसमें प्रतिबंधित श्रेणी की नशीली दवाइयों की बड़ी खेप बरामद हुई। बरामद सामग्री में 1,199 एल्प्राजोलम टैबलेट, 23 डायजेपाम इंजेक्शन, 9 ट्रामाडोल इंजेक्शन, 860 ट्रिफ्लो एचसीआई टैबलेट तथा 80 लिब्रेरियन प्लस टैबलेट शामिल हैं। यह सभी दवाइयां कमर्शियल मात्रा में पाई गई, जिन्हें बिना किसी वैध लाइसेंस व अनुमति के संग्रहित कर अवैध रूप से बेचा जा रहा था। मौके से काबू किए गए आरोपियों की पहचान डॉक्टर विनोद शर्मा निवासी न्यू टाउन रतिया, अमरजीत तथा नरेश कुमार निवासी डेजी कॉलोनी रतिया के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी डॉक्टर अपने पेशे की आड़ में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में संलिप्त थे। एएनसी सेल फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र ने बताया कि थाना शहर रतिया में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।