मेवात की धरती ने सदैव साहस, बलिदान और स्वाभिमान की परंपरा को आगे बढ़ाया : नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़, 15 फ़रवरी । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अरावली की गोद में बसा तावडू क्षेत्र अपने मेहनती, स्वाभिमानी और संघर्षशील लोगों के लिए पूरे प्रदेश में जाना जाता है। मेवात की धरती ने सदैव साहस, बलिदान और स्वाभिमान की परंपरा को आगे बढ़ाया है। सन् 1857 की आजादी की प्रथम लड़ाई से लेकर आजादी मिलने तक के संघर्ष में यहां के लोगों ने जो भूमिका निभाई, वह इतिहास के पन्नों पर स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।
मुख्यमंत्री रविवार को सोहना विधानसभा के तावडू की अनाज मंडी में विकसित सोहना-तावडू विकास रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान उपस्थित जनसमूह को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की बधाई भी दी और कहा कि यह पावन पर्व है हमें लॉर्ड शिवा के दर्शन करने, उनके जीवन दर्शन से जुड़ने का एक अवसर प्रदान करता है। महाशिवरात्रि हमें यह सिखाती है कि जब जीवन में अंधकार बढ़े तब आत्म चिंतन का दीप जलाओ। उन्होंने कहा कि यह शिवरात्रि सभी के जीवन में स्वास्थ्य, शांति, साहस और सफलता प्रदान करे, साथ ही आपके हर प्रयास में ऊर्जा हो और निर्णय में विवेक हो, हर दिन में आशा का उजाला हो।
मुख्यमंत्री ने इससे पहले 47 करोड़ 36 लाख रुपये लागत की 16 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किए। इनमें 21 करोड़ 77 लाख 25 हजार रुपये लागत के 11 उद्घाटन और 25 करोड़ 58 लाख 58 हजार रुपये की लागत के 5 शिलान्यास शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सोहना हलके के विकास को गति देने के लिए 11 वर्षों के कार्यकाल में 62 सीएम अनाउंसमेंट हुई। इनमें से 49 का काम पूरा हो चुका और 13 का काम प्रगति पर है। उन्होंने सोहना विधानसभा क्षेत्र में करवाये गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार ने इस हलके में विकास कार्यों पर पिछले 11 वर्षों में 1 हजार 515 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। जबकि, कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल में मात्र 222 करोड़ रुपये खर्च किये गये थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से 2024 तक सोहना क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा विकास कार्यों पर 285 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। इसी प्रकार वर्ष 2024 से अब तक इस विभाग द्वारा 5 करोड़ 70 लाख रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं। इसके अलावा, 407 करोड़ रुपये के काम पाइपलाइन में हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संकल्प पत्र- 2024 का जिक्र करते हुए कहा कि हम जो कहते हैं, उसे करते भी हैं। इसका प्रमाण यह है कि हमने पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 में से 60 वादों को एक साल में ही पूरा कर दिखाया है। यही नहीं, 157 वादों पर काम प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि आगामी 20 फरवरी से हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान 3.0 नॉन स्टॉप बीजेपी सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल में भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास और हर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने पेंशन को लेकर आमजन को गुमराह करने पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जो लोग आज बयान देते फिर रहे हैं, पहले वो खुद के गिरेबां में झांके कि उनके राज में 6-6 महीनें पेंशन नहीं मिलती थी।
केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 47 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत की दी गई परियोजनाओं के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि 2014 में जब से बीजेपी ने सत्ता संभाली है, तब से केंद्र और राज्य की सरकार प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर के हिसाब से बहुत काम किए हैं। उन्होंने तावडू इलाके का जिक्र करते हुए कहा कि यह मेवात एरिया के पास सटा इलाका है। हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के पूरा होने पर तावडू एरिया को भी काफी लाभ होगा।
हरियाणा कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ करते हुए कहा कि बीजेपी ने प्रदेश को ऐसा मुख्यमंत्री दिया है जिसके चेहरे पर शिकन नहीं होती। उन्होंने कहा कि अगर रात को 11 बजे भी मुख्यमंत्री चंडीगढ़ आवास पर पहुंचते हैं, तो उस समय भी वो वहां मौजूद लोगों की समस्याएं सुनने लगते हैं। राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार काम कर रही है, उन्होंने इस दौरान मंच से तावडू को गुरुग्राम जिला में शामिल करने की मांग भी रखी।









