nnl-irrigation-work-tender-iss

नारनौलः 17 करोड़ के सिंचाई कार्यों के टेंडर जारी, किसानों को मिलेगा लाभ

नारनाैल, 14 फ़रवरी । जिले के गांवों के लिए सिंचाई विभाग ने लगभग 17 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडर जारी किए हैं। इसके तहत राजावास, ज़ेरपुर, उष्मापुर और डिगरोता गांवों में भू-जल स्तर में सुधार होगा, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

विधायक कंवर सिंह यादव ने शनिवार को बताया कि इस परियोजना से नहरों और जल संरचनाओं में व्यापक सुधार होगा। इसका उद्देश्य खेतों तक समय पर पानी पहुंचाना और कृषि उत्पादन में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत पांच जोहड़ों को आपस में जोड़ा जाएगा। इससे भू-जल स्तर में सुधार होगा और वर्षा जल का बेहतर संचयन संभव हो सकेगा। भविष्य में जल संकट से निपटने में भी यह सहायक होगा। इसके अतिरिक्त, पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी किया जाएगा। पाइपलाइन के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इसी के साथ पानी की बर्बादी रुकेगी और प्रत्येक गांव में पानी की समान उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इस योजना से किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं में कमी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन का स्थायी समाधान विकसित होगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और गांवों की वास्तविक जरूरतों को समझ रही है। पिछली सरकारों के दौरान सिंचाई समस्याओं और जल संरक्षण पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया था, जिससे किसानों और ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

विधायक कंवर सिंह यादव ने महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई और जल संरक्षण से जुड़ी इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनीए सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी और सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह का आभार व्यक्त किया है।