mp-raisen-district-level-youth-sangam-fair-today

रायसेनः सुल्तानपुर में आज जिला स्तरीय युवा संगम मेले का आयोजन

रायसेन, 10 फरवरी । मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज मंगलवार को नगर परिषद प्रांगण सुल्तानपुर में जिला स्तरीय युवा संगम मेले का आयोजन किया जा रहा है।

जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा कौशल विकास विभाग के संयुक्त तत्वधान में आयोजित यह युवा संगम मेला प्रातः 11 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक आयोजित किया गया है। इस युवा संगम मेले के माध्यम से युवाओं को विभिन्न कम्पनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने के साथ ही शासन की स्वरोजगारमूलक योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

जनसम्पर्क अधिकारी अनुभा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस जिला स्तरीय युवा संगम मेले में प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर युवाओं की भर्ती की जाएगी। इसके लिए अनिवार्य योग्यता पदानुसार कक्षा 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं डिग्री इंजीनियरिंग है। आयु सीमा 18 वर्ष से 35 वर्ष निर्धारित है। इस अवसर पर ऐसे अभ्यर्थी जो स्वयं का स्वरोजगार स्थापित करना चाहते हैं उन्हें विभिन्न स्वरोजगारमूलक विभागों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा और शासन की ओर से दी जाने वाली सहायता एवं योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।