भोपाल में आवारा श्वानों की संख्या बढ़ी, निगम नसबंदी कर फिर छोड़ रहा आवारा
भोपाल, 09 फरवरी । राजधानी भोपाल में आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या आमजन के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। नगर निगम द्वारा श्वानों की संख्या नियंत्रित करने के लिए नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण की कार्रवाई तो की जा रही है, लेकिन नसबंदी के बाद श्वानों को फिर से सड़कों पर छोड़े जाने से समस्या बनी हुई है।
इसी क्रम में सोमवार को नगर निगम के डॉग स्क्वाड दलों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर 61 आवारा श्वानों को पकड़कर नसबंदी केंद्रों में भेजा,
हालांकि, नागरिकों का कहना है कि श्वानों को वापस छोड़े जाने से सड़कों पर उनकी संख्या कम होने के बजाय बनी रहती है, जिससे आवागमन और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में डॉग स्क्वाड ने कजलीखेड़ा स्थित एबीसी सेंटर में 18 श्वानों, आदमपुर एबीसी सेंटर में 23 श्वानों तथा अरवलिया एबीसी सेंटर में 20 श्वानों को भेजा। इस तरह कुल 61 श्वानों की नसबंदी की प्रक्रिया के लिए उन्हें केंद्रों तक पहुंचाया गया।
निगम अमले द्वारा नसबंदी पूरी होने के बाद 72 श्वानों को वापस उनके क्षेत्र में छोड़ा गया। नगर निगम का कहना है कि शहर में आवारा श्वानों की संख्या को नियंत्रित करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
नगर निगम के डॉग स्क्वाड द्वारा आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में आवारा श्वानों को पकड़ने की कार्रवाई लगातार की जाएगी।









