mp-lawyer-shot-dead-shivpuri

(अपडेट) शिवपुरी में दिनदहाड़े वकील की गाेली मारकर हत्या, जमीन विवाद में रंजिश का आरोप

शिवपुरी, 14 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में शनिवार को दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

वे रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात किले के पीछे स्थित आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर हुई। मृतक की पहचान 57 वर्षीय एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना के रूप में हुई है। घटना के कुछ देर बाद उसी रास्ते से गुजर रहे एक अन्य वकील की नजर सड़क पर गिरे संजय सक्सेना पर पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमलावर पैदल थे या किसी वाहन से आए थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

जमीन विवाद में हत्या का आरोप

मृतक के भाई एडवोकेट कुलदीप सक्सेना ने आरोप लगाया है कि गांव सिगदाऊआ के कुछ लोगों ने रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिलवाया है। परिजनों के मुताबिक, संजय सक्सेना ने गांव में किशोरी जाटव की जमीन से जुड़े एक केस में पैरवी की थी, जिसमें फैसला उनके पक्ष में आया था। केस हारने के बाद आरोपियों ने उन्हें धमकियां दी थीं कि वे आगे उनके खिलाफ कोई मुकदमा न लड़ें। इसके बावजूद वे मिठुआ जाटव के पक्ष में एक अन्य जमीन विवाद का केस देख रहे थे। बताया जा रहा है कि जमीन के एक हिस्से पर शिक्षक कमलेश शर्मा का कब्जा है। परिजनों का आरोप है कि कमलेश शर्मा लगातार केस से हटने और राजीनामा करने का दबाव बना रहे थे।

12 लाख में हत्या की साजिश का दावा

कुलदीप सक्सेना के अनुसार, गांव के सूरज आदिवासी ने उनके मंझले भाई अनिल सक्सेना को बताया था कि कमलेश शर्मा ने 12 लाख रुपए देकर संजय सक्सेना की हत्या कराने की बात कही थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि चुनावी रंजिश भी चली आ रही थी। अगस्त-सितंबर में उनकी 6 बीघा जमीन पर खड़ी मूंगफली की फसल उजाड़ दी गई थी। इसकी शिकायत दिनारा थाने में की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन लोकेशन के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है। शुरुआती जांच में मामला सुनियोजित साजिश की ओर इशारा कर रहा है।

अभिभाषक संघ ने दी हड़ताल की चेतावनी

अभिभाषक संघ के सचिव रामनरेश तिवारी ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो सोमवार से न्यायालयीन कार्य का बहिष्कार कर हड़ताल की जाएगी। जरूरत पड़ने पर थाने के बाहर धरना भी दिया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है।