शिवपुरी वकील हत्याकांड मामले में तीन शूटर गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक आरोपी गाेली लगने से घायल
शिवपुरी, 15 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के जिले में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान करैरा थाना क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास रविवार सुबह एक आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ भी हुई, जिसमें उसके पैर में दो गोलियां लगीं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता संजय सक्सेना (57) शनिवार को अपने घर से कोर्ट के लिए निकले थे। इसी दाैरान न्यायालय परिसर के पास बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद से जुड़े मामले में सुपारी देकर हत्या कराए जाने की बात सामने आई है। इस संबंध में शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके चाचा सुनील शर्मा (सरपंच), नीरज शर्मा और आशीष परिहार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और साजिश के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
तीन शूटर गिरफ्तार
पुलिस ने बड़ौनी के घुघसी निवासी गोलू रावत (25), डबरा के चांदपुर निवासी पपेंद्र रावत (23) और बड़ौनी के ही जहीर (24) को गिरफ्तार किया है। इनमें से पपेंद्र रावत ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में दो गोलियां लगीं। पुलिस ने मौके से अन्य दो आरोपियों को भी दबोच लिया।
विशेष टीमों ने की कार्रवाई
एसपी ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। रविवार सुबह सूचना के आधार पर चिरली तिराहा क्षेत्र में कार्रवाई की गई, जहां मुठभेड़ के बाद आरोपी पकड़े गए।
साजिश की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
परिजनों ने पहले ही जमीन और चुनावी रंजिश को हत्या का कारण बताया था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि सुपारी कितनी रकम में दी गई थी और साजिश में कौन-कौन शामिल था। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।









