फतेहाबाद : महिला से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने चाचा ससुर को दबोचा
फतेहाबाद, 06 फरवरी । महिला से छेड़छाड़ के एक मामले में कार्रवाई करते हुए भट्टूकलां पुलिस ने पीड़िता के चाचा ससुर को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राधे श्याम ने बताया कि थाना क्षेत्र की एक महिला द्वारा थाना भट्टू कलां में शिकायत दर्ज करवाई गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 23 जनवरी की शाम वह अपने घर के समीप स्थित ढाणी में अकेली थी। इसी दौरान उसका चाचा ससुर वहां आया और बहाने से अपने घर बुलाकर उसके साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ की तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद सामाजिक दबाव एवं लोक-लाज के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करवा सकी। बाद में 4 फरवरी को शिकायतकर्ता महिला हेल्प डेस्क भट्टूकलां पर उपस्थित हुई, जहां महिला पुलिस कर्मियों एवं लीगल एड काउंसलर की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा केस दर्ज कर आरोपी को काबू किया गया है। पुलिस जांच के दौरान आरोपी की पहचान दलीप सिंह के रूप में हुई। आरोपी को काबू कर पूछताछ की गई तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई।









