jh-sbu-convocation-chief-guest-governor

रांची में 18 फरवरी को सरला बिरला विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

रांची, 16 फरवरी । रांची के सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) का तृतीय दीक्षांत समारोह 18 फरवरी को विवि परिसर के दीक्षांत मंडप में आयोजित होगा। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी सोमवार को विवि परिसर में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक और कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने दी।

उन्होंने बताया कि समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि इसरो चेयरमैन डॉ. वी. नारायणन, डीआरडीओ के महानिदेशक डॉ. बी. के. दास, राज्यसभा सांसद गोविंदभाई ढोलकिया और तीरंदाजी कोच पद्मश्री पूर्णिमा महतो शामिल होंगी। विश्वविद्यालय द्वारा इन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलाधिपति जयश्री मोहता, प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, शासी निकाय के सदस्य अनंत जाटिया तथा राज्यसभा सांसद व शासी निकाय सदस्य डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

प्रो. जगनाथन ने बताया कि समारोह के लिए विश्वविद्यालय परिसर में भव्य तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि स्थापना के कुछ ही वर्षों में एसबीयू ने राज्य के शैक्षणिक माहौल में अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज की है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और आधारभूत संरचनाओं के बूते विश्वविद्यालय आने वाले दिनों में भी झारखंड के पठन-पाठन का प्रमुख केंद्र बना रहेगा।

प्रो. गोपाल पाठक ने अमेरिका के पांच शीर्ष विश्वविद्यालयों के साथ एसबीयू के जुड़ने को विवि के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने विश्वविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रमों और छात्रों को मिलने वाले लाभ पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस दीक्षांत समारोह में कुल 1331 डिग्री धारकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसमें 1092 अंडर ग्रेजुएट, 134 पोस्ट ग्रेजुएट, 95 डिप्लोमा और 10 पीएचडी डिग्री धारक शामिल हैं। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 32 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।————–