रांची पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का किया खुलासा,दो आरोपित गिरफ्तार
रांची, 14 फरवरी । रांची के नामकुम थाना की पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फिरदोस अली और दिलीप सोनी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से गलाया हुआ सोना पत्तर (दो पीस), एक क्वॉइल, लगभग 15.40 ग्राम वजनी टूटा-फूटा स्क्रैप, 10 बड़े और चार छोटे अंगूठी, एक मंगलसूत्र का लॉकेट, सात नथिया तथा 23.10 ग्राम वजनी एक दोलना बरामद किया है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि नामकुम थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं के मद्देनजर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, आसूचना और संदिग्ध अपराधियों के सत्यापन के आधार पर तीनों चोरी के मामलों का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे मोहल्लों में घूम-घूमकर बंद पड़े घरों की रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। गिरोह मुख्य रूप से जेवरात और नकदी को निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने दिन के समय भी कई घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
एसपी ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए जेवरात को दिलीप सोनी कांटाटोली स्थित ‘मां ज्वेलर्स’ नामक दुकान में सस्ते दाम पर खरीदता था। इसके बाद वह जेवरात को गलाकर नए आभूषण बनाने में उपयोग करता था।
एसआईटी टीम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1) अमर कुमार पाण्डेय, नामकुम थाना प्रभारी मनोज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।————-









