jh-raf-filariasis-awareness-drive

रैफ में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर चला जागरूकता कार्यक्रम

पूर्वी सिंहभूम, 25 फ़रवरी । सुंदरनगर स्थित 106 बटालियन रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) के यूनिट अस्पताल परिसर में बुधवार को फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में यूनिट के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अश्वनी कुमार (सीएमओ) और जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ मृत्युंजय देवरिया ने विस्तार से फाइलेरिया रोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के माध्यम से फैलने वाला परजीवी जनित रोग है, जो लसीका तंत्र को प्रभावित करता है। समय पर उपचार नहीं होने की स्थिति में यह रोग हाथ-पांव या अन्य अंगों में असामान्य सूजन (हाथीपांव) जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न कर सकता है।

चिकित्सकों ने जवानों को समझाया कि इस रोग से बचाव के लिए मच्छरों से सुरक्षा बेहद जरूरी है। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग, आसपास जलजमाव नहीं होने देना, नियमित रूप से सफाई रखना और सरकार की ओर से संचालित सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम में भाग लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित दवाओं का सेवन सुरक्षित है और इससे शरीर में मौजूद सूक्ष्म परजीवियों को नष्ट करने में मदद मिलती है, जिससे रोग के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जवानों और उनके परिवारजनों को फाइलेरिया रोधी दवाओं का वितरण भी किया गया। चिकित्सा टीम ने दवा सेवन की सही विधि, संभावित हल्के दुष्प्रभाव और उनसे निपटने के उपायों की जानकारी दी, ताकि किसी प्रकार की भ्रांति या डर की स्थिति उत्पन्न न हो।