नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए रानी टूटी को समर्थन देगी भाजपा
खूंटी, 03 फ़रवरी । भाजपा कार्यालय में मंगलवार को आयोजित कोर कमेटी की बैठक में खूंटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पार्टी समर्थित प्रत्याशी के रूप में रानी टूटी की औपचारिक घोषणा जिला अध्यक्ष आनंद राम ने की। उन्होंने बताया कि नामांकन के दिन सभी कार्यकर्ता कचहरी मैदान में एकत्रित होकर सामूहिक रूप से पैदल यात्रा करते हुए समाहरणालय पहुंचेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं खूंटी जिला प्रभारी सत्य नारायण सिंह ने कहा कि पार्टी द्वारा रानी टूटी को समर्थन दिया गया है। अब यह हम सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करते हुए अपने प्रत्याशी को विजयी बनाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिस प्रकार वे लोकसभा और विधानसभा चुनाव में समर्पण भाव से कार्य करते हैं, उसी प्रकार नगर निकाय चुनाव में भी पूरी ऊर्जा के साथ जुटें।
बैठक के अंत में जिला महामंत्री संजय साहू ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ मुंडा, जिला महामंत्री संजय साहू, निखिल कन्डुलना, मदन मोहन मिश्रा, जितेंद्र कश्यप, नौरी पूर्ति, परमेश्वर प्रसाद, महावीर राम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।









