jh-attack-union-president-jamshedpur-road-blocked

जमशेदपुर में यूनियन अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, चक्का जाम से पहले बढ़ा तनाव

पूर्वी सिंहभूम, 11 फरवरी । जमशेदपुर के बर्मामाइंस क्षेत्र में बुधवार को लोकल ट्रेलर ऑनर यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह पर अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब वे यूनियन कार्यालय के पास 12 फरवरी को प्रस्तावित चक्का जाम आंदोलन की तैयारियों में जुटे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक कई लोग वहां पहुंचे और जयकिशोर सिंह को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाने लगे। हमले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर खुलेआम मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जयकिशोर सिंह को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि चालकों के उचित मानदेय और कार्यशर्तों में सुधार की मांग को लेकर 12 फरवरी को चक्का जाम का आह्वान किया गया है, जिसका नेतृत्व जयकिशोर सिंह कर रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को भी उन पर हमला हुआ था, जिसमें वे घायल हुए थे। लगातार दो दिनों में हुई घटनाओं से यूनियन सदस्यों में आक्रोश है।

जयकिशोर सिंह ने आरोप लगाया है कि यह हमला सुनियोजित साजिश के तहत कराया गया है। उन्होंने एक कंपनी के पदाधिकारी अजीत वर्मा और कुछ वेंडरों पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार आंदोलन को कमजोर करने और चालकों को डराने के उद्देश्य से यह हिंसक कार्रवाई की गई है।

घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में तनाव का माहौल है। यूनियन से जुड़े लोगों ने प्रशासन से हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

समाचार लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।