jh-ajsu-support-bjp-backed-candidates-municipal-el

पूर्वी सिंहभूम: आजसू ने नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को दिया समर्थन

पूर्वी सिंहभूम, 03 फ़रवरी । ऑल झारखंड स्टूडेंट युनियन (आजसू) ने नगर निकाय चुनाव में अपना रुख स्पष्ट किया है। मंगलवार को आजसू जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह और मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी संध्या सिंह को समर्थन देने की घोषणा की।

कन्हैया सिंह ने कहा कि आजसू पार्टी दोनों प्रत्याशियों को तन-मन-धन से सहयोग करेगी और उनकी जीत सुनिश्चित कराने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी। उन्होंने बताया कि रिंकू सिंह और संध्या सिंह जनता के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि नगर निकायों में मजबूत नेतृत्व की जरूरत है, ताकि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि आजसू और भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की यह साझा लड़ाई क्षेत्रीय विकास को नई गति देगी।

कन्हैया सिंह ने केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता चुनावी गतिविधियों में पूरी निष्ठा और सक्रियता से सहयोग करेंगे। इसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे और पार्टी की नीतियों तथा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे।