रायपुर : जनता हो या नेता सबके लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते है भूपेश : अमित चिमनानी
रायपुर 04 फ़रवरी । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने बुधवार काे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश पर जमकर निशाना साधते हुए कहा है कि राजनीति में भाषायी मर्यादा का ध्यान सभी को सदैव रखना चाहिए, लेकिन भूपेश इन मर्यादाओं को कई बार लांघ चुके हैं। चिमनानी ने कहा कि राजनीति में जब मुद्दे नहीं बचते तो कांग्रेस नेता पहले व्यक्तिगत आलोचना पर उतरते हैं और जब यह भी नहीं कर पाते तो वह भाषायी मर्यादा को लांघ जाते हैं और भूपेश ने इसी राजनीतिक संस्कारहीनता का प्रदर्शन किया है।
चिमनानी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री शर्मा पर दिया गया उनका बयान बेहद आपत्तिजनक, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इससे पहले मुख्यमंत्री रहते हुए भी उन्होंने अनेक बार जनता के साथ बात करते हुए बेहद आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग किया है। एक बार एक बच्ची को तो उन्होंने सभी के सामने यह कहकर अपमानित किया था कि ‘तेरे बाप ने कभी माइक पकड़ा है क्या?’ जब उस बच्ची ने कहा कि उसके पिता नहीं है तो बघेल ने कहा माँ ने पकड़ा है? चिमनानी ने कहा कि भूपेश और कांग्रेस मुद्दों के संकट से जूझती हुई लगातार भाषायी मर्यादा को लांघ रही है। इससे दोनों का जनाधार और कम होगा, जनता में उनके प्रति आदर और कम होगा। ऐसे बयानों की हम कड़ी निंदा करते हैं।
चिमनानी ने बघेल के इस बयान को कांग्रेस की पतित होती जा रही राजनीतिक संस्कृति का परिचायक बताया और कहा कि लगातार हार से बौखलाई कांग्रेस के नेता अब सार्वजनिक रूप से अपने संस्कारों, आचरण और विचारों के पतन की पराकाष्ठा का प्रदर्शन कर रहे हैं। चिमनानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी अपने उन्हीं राजनीतिक संस्कारों और भाषायी दरिद्रता का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो उनके केंद्रीय नेतृत्व से विरासत में मिली हैं। केंद्रीय नेतृत्व की चापलूसी करके आलाकमान की नजर में अव्वल बने रहने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने उसी भाषायी दरिद्रता की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। मोहब्बत की दुकान के ढिंढोरची इस तरह का विषवमन करके कांग्रेस के सियासी डीएनए का प्रदर्शन ही कर रहे हैं, जिसे जनता कतई पसंद नहीं करती।









