gurugram-patch-work-road-damage

गुरुग्राम: सप्ताहभर में ही उखड़ गई पैचवर्क की गई सडक़: पंकज डावर

गुरुग्राम, 14 फरवरी । कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने शहर में सडक़ों पर किये जा रहे पैचवर्क में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में सडक़ों पर पैचवर्क के नाम पर बड़ा खेल हो रहा है। खुलकर भ्रष्टाचार हो रहा है। भाजपा जिसे विकास कहती है वह विकास एक सप्ताह भी नहीं चल पाया और सडक़ पर किया गया पैचवर्क बिखर गया। इससे साफ है कि सडक़ों के निर्माण के नाम पर किए जा रहे पैचवर्क की सामग्री की गुणवत्ता जांच नहीं की जाती। इस भ्रष्टाचार पर कोई एक्शन नहीं हो रहा।

पंकज डावर ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि पुराने गुडग़ांव शहर में कई साल से एक भी सडक़ ऐसी नहीं जिसे नया बनाया गया हो। सडक़ों पर बार-बार गड्ढे होते हैं और उन पर पैचवर्क कर दिया जाता है। पैचवर्क भी तब किया जाता है तब गड्ढों को कई-कई साल हो जाते हैं। लोग परेशान होते रहते हैं, लेकिन सालों-साल गड्ढे नहीं भरे जाते। जब गड्ढे भरकर उन पर पैचवर्क किया जाता है तो उसमें लगाई जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता सही नहीं होती। या फिर तय नियमों के अनुसार सामग्री नहीं लगाई जाती। इसका नुकसान यह होता है कि जहां पैचवर्क किया गया है, वह पैचवर्क एक सप्ताह तो दूर, तीन दिन ही नहीं चलता। हाल ही में गुडग़ांव में कई जगह पर सडक़ों पर पैचवर्क करने का काम किया गया है। यह पैचवर्क तीसरे दिन ही उखडऩा शुरू हो गया था। रोडिय़ों उखडक़र बिखर गई। इससे सुविधा कम दुविधा अधिक हो गई। क्योंकि इन रोडिय़ों पर दुपहिया वाहन फिसल रहे हैं। पंकज डावर ने सिद्धेश्वर मंदिर चौक पर हरीश बेकरी के बराबर में सडक़ पर किए गए पैचवर्क का जिक्र करते हुए कहा है कि यहां तीसरे ही दिन पैचवर्क उखड़ गया। एक सप्ताह में तो काफी दूर तक यह पैचवर्क उखड़ चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि पैचवर्क करने में घोर लापरवाही भी बरती जा रही है। पंकज डावर ने कहा कि अगर कहीं 20 मीटर की दूरी पर सडक़ टूटी है, उसमें दो-चार फुट सही है तो पैचवर्क पूरे 20 मीटर पर करने की बजाय बीच की जगह को छोड़ दिया जाता है। जबकि उसे पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सडक़ों पर किये जा रहे पैचवर्क में भी भ्रष्टाचार की बू आ रही है। पैचवर्क करने के एक-दो दिन बाद उखड़ जाने को लेकर कोई गंभीरता से नहीं लेता।