गुरुग्राम: झूठे इंश्योरेंस बिल क्लेम करने वाले अस्पताल का भंडाफोड़,60 फाइलें बरामद
गुरुग्राम, 19 फरवरी । सीएम फ्लाईंग ने गुरुग्राम में फर्जी कागजात के जरिए इंश्योरेंस बिल क्लेम करने वाले एक अस्पताल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान लगभग 25 इंश्योरेंस कंपनियों से जुड़ी लगभग 60 नकली इंश्योरेंस क्लेम फाइलें मिलीं हैं। इन फाइलों के जरिए एक करोड़ रुपए से ज्यादा का फर्जीवाड़ा सामने आया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि छापेमारी टीम ने अस्पताल में मौजूद तीन आरोपियों को गिरफ्ताार किया है। वहां से काफी मात्रा में फर्जी कागजात बरामद किए हैं।
एसीपी वेस्ट अभिलक्ष जोशी ने बताया कि सीएम फ्लाईंग ने मई 2025 में निहाल कॉलोनी, न्यू पालम विहार स्थित गैलेक्सी वन अस्पताल में फर्जी तरीके से इंश्योरेंस बिल क्लेम करने की जांच को लेकर रेड की थी। छापेमारी के दौरान पाया कि अस्पताल में एक डॉक्टर ने अपने नाम के आगे एमबीबीएस और एमडीएमए लिखा हुआ था, लेकिन उस डॉक्टर के पास एमडी की डिग्री नहीं थी। अस्पताल के आईपीडी रजिस्टर में विभिन्न व्यक्तियों की एंट्री करके झूठी इंश्योरेंस बिल क्लेम किया गया था। इस मामले में 14 फरवरी 2026 को थाना बजघेड़ा में सीएम फ्लाईंग द्वारा एक शिकायत गैलेक्सी वन अस्पताल में फर्जी तरीके से इंश्योरेंस बिल क्लेम करने के संबंध में दी गई।
जिसके बाद डीसीपी वेस्ट करण गोयल, एसीपी वेस्ट अभिलक्ष जोशी की अगुवाई में सिविल अस्पताल के डॉक्टर, साइबर एक्सपर्ट, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर की टीम ने गैलेक्सी वन अस्पताल में सर्च ऑपरेशन चलाया। वहीं दयानंद कॉलोनी स्थित लैब्सवेल में भी सर्च की गई। जहां से नकली लैब रिपोर्ट और दूसरे दस्तावेज भी मिले। इस सर्च ऑपरेशन के दौरान अस्पताल में मौजूद तीन आरोपियों को अरेस्ट किया गया। जिनकी पहचान सपना, वर्षा और गौरव के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान लगभग 25 इंश्योरेंस कंपनियों से जुड़ी लगभग 60 नकली इंश्योरेंस क्लेम फाइलें मिली। जिससे पता चला कि नकली बेनिफिशियरी के साथ मिलकर नकली आईपीडी एडमिशन (बिना असल में हॉस्पिटल में भर्ती हुए) नकली मेडिकल रिकॉर्ड, नकली लैब रिपोर्ट और नकली फार्मेसी/ट्रीटमेंट बिल तैयार किए गए और उनका इस्तेमाल नकली इंश्योरेंस क्लेम पाने के लिए किया गया। जिससे प्राप्त हुए पैसे बेनिफिशियरी और अस्पताल के अधिकारियों के बीच बांटे गए।









