disha-meet-reviews-schemes

बलरामपुर : दिशा बैठक में योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

बलरामपुर, 19 फ़रवरी । राजपुर जनपद के सभाकक्ष में गुरुवार काे जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चिंतामणि महाराज ने की। बैठक में जिले में संचालित केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

सांसद महाराज ने विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदनों पर चर्चा करते हुए कहा कि विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

बैठक में उद्देश्वरी पैंकरा, शकुन्तला पोर्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, पीएम जनमन योजना के सूचकांकों की समयबद्ध पूर्ति, मनरेगा, आजीविका गतिविधि, जल संवर्धन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया गया। कृषि विभाग की समीक्षा में रबी फसल हेतु खाद-बीज की उपलब्धता, तिलहनी फसलों को बढ़ावा एवं पीएम किसान सम्मान निधि में अधिकाधिक पंजीयन के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सिकलसेल एवं टीबी के समुचित उपचार तथा स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जल जीवन मिशन, पीएम उज्ज्वला योजना, शिक्षा, आदर्श ग्राम योजना एवं राशन वितरण प्रणाली की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सांसद ने अधिकारियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारी प्राथमिकता है।