dhamtari-will-soon-rail

धमतरी को जल्द मिलेगी रेल सेवा की सुविधा

धमतरी, 07 फ़रवरी । बड़ी रेललाइन निर्माण तेजी से चल रहा है। वर्ष 2026 में बड़ी रेललाइन की शुरूआता होना है, इसके लिए रेलवे के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी ताकत झोंक दिया है, ताकि समय पर धमतरी में रेल सुविधा शुरू हो सके। नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने शनिवार को रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफार्म, रेलवे ट्रैक, स्टेशन परिसर सहित अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिया है।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी की जनता लंबे समय से रेल सेवा की प्रतीक्षा कर रही है और अब यह सपना साकार होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेलवे ट्रैक निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। ताकि आम लोगों को जल्द से जल्द रेल सुविधा का लाभ मिल सके। रेल सेवा शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि धमतरी के व्यापार, कृषि, उद्योग और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह परियोजना धमतरी के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाए। स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर भी उन्होंने जोर दिया। नगर निगम और रेलवे प्रशासन के निरंतर समन्वय से कार्य तेजी से प्रगति पर है और आने वाले समय में धमतरी को रेल सेवा की बड़ी सौगात मिलने जा रही है।

उन्होंने विश्वास जताया है कि यह परियोजना शहर की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर नगर निगम की स्पीकर कौशल्या देवांगन, एमआईसी सदस्य श्यामलाल नेताम, पिंटू यादव, विभा चंद्राकर, पार्षद नम्रता पवार, अज्जू देशलहरे, मेघराज ठाकुर, अनिता अग्रवाल, गजेंद्र कंवर, संजय देवांगन, रेलवे विभाग के अधिकारी एवं नगर निगम के अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित थे। मालूम हो कि पिछले दिनों रेलवे स्टेशन निर्माण के लिए रेलवे अधिकारी-कर्मचारी, रेलवे पुलिस समेत प्रशासन की टीम ने रेलवे अतिक्रमणकारियों को हटाया, ताकि क्षेत्र में कार्य तेजी से शुरू हो सके। अतिक्रमण के चलते कार्याें में तेजी नहीं आ रही थी। जल्द ही रेलवे के सड़क किनारे के जमीन पर अवैध ढंग से व्यवसाय कर रहे लोगों के ऊपर भी कार्रवाई की गाज गिरेगी, क्याेंकि इस क्षेत्र में भी रेलवे के कई कार्य होना है, इसके लिए तैयारी है।