पानीपत: भाजपा युवा मोर्चा ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर किया जोरदार प्रदर्शन
पानीपत, 14 फ़रवरी । पानीपत: दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान विदेशी मेहमानों के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को भाजपा युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के पुतले का दहन किया और स्पष्ट संदेश दिया कि देश की गरिमा से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।
युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमित पंडित ने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी ताकत, डिजिटल क्रांति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में बढ़ती वैश्विक नेतृत्व क्षमता की सराहना कर रहा है, तब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास घोर निंदनीय है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन अपनी धरती पर विदेशी मेहमानों के सामने देश की छवि खराब करना राष्ट्रहित के खिलाफ है। आज का भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और तकनीकी शक्ति के दम पर विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है। ऐसे समय में देश को कमजोर दिखाने की कोशिश करने वालों को युवा मोर्चा करारा जवाब देता रहेगा। युवा नेता राहुल विज ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा विरोध और भ्रम फैलाने पर आधारित रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कई बार पार्टी हित को देशहित से ऊपर रखा है। उन्होंने दो टूक कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन राष्ट्र की प्रतिष्ठा सर्वोपरि है। इस मौके पर वार्ड पार्षद कमल अरोड़ा, जिला महामंत्री पमी लाकड़ा, संजय सैनी , देवांश, अक्षय बठला, आकाश राठौर, सुनील कपूर, जतिन राणा, मोहित शर्मा, मनीष बेनीवाल, परमजीत सहित सेकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









