deathinspain-deadbodyreachedka

स्पेन में मारे गए युवक का कैथल में सवा दाे माह बाद पहुंचा शव,हुुआ संस्कार

कैथल, 07 फ़रवरी । कैथल जिले के गांव सिसला निवासी युवक जगदीप की सवा दाे महीने पहले स्पेन में हार्ट अटैक से माैत हाे गई थी। तब से परिवार उसका पार्थिव शरीर घर लाने के लिए जद्दाेजहद में जुटा था। शनिवार काे जगदीप का शव उसके घर पहुंचा और दोपहर बाद गांव के श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान गांव के लाेग बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अंतिम संस्कार के समय माहौल बेहद गमगीन था और परिजन फूट-फूट कर रोते नजर आए। जगदीप के पिता की करीब 11 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी। अब परिवार में उसकी मां, पत्नी और दो छोटे बच्चे रह गए हैं। जगदीप तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसका चार साल का बेटा और छह माह की बेटी है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है।

परिजनों के अनुसार, जगदीप करीब 11 महीने पहले बेहतर भविष्य और अच्छी कमाई की उम्मीद में स्पेन गया था। उसे विदेश भेजने के लिए परिवार ने लाखाें रुपये खर्च किए थे, जिसके लिए जमीन तक बेचनी पड़ी। दुर्भाग्यवश 29 नवंबर को स्पेन में काम के दौरान जगदीप को अचानक हार्ट अटैक आया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद से उसका शव वहीं फंसा रहा।

मृतक के चाचा ससुर दीपक ने बताया कि जगदीप का शव भारत लाने में भी करीब 18 लाख रुपये खर्च हुए। इस राशि का इंतजाम परिवार ने रिश्तेदारों से उधार लेकर और कुछ सामाजिक संस्थाओं की मदद से किया था। शव को वापस लाने के लिए परिजन लगातार सरकार से भी मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन बात नहीं बनी।