dead-bodies-cousins-

मौसेरे भाई- बहन के शव घर में मिले : लडक़ी के बालिग होने में थे दस दिन बाकी

जोधपुर, 18 फरवरी । शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित एक कॉलोनी क्षेत्र में आज दिन में युगल के शव एक घर में मिले। युवक फंदे पर लटका था तो दूसरे कमरें में लडक़ी का रक्त रंजित शव फर्श पर पड़ा था। सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी सहित एफएसएल और एमओबी को बुलाया गया। प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर आत्महत्या का प्रतीत हुआ है। फिलहाल कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शवों को पुलिस ने देर शाम एमजीएच की मोर्चरी में रखवाने के साथ पोस्टमार्टम प्रक्रिया को शुरू कराया गया। युवक और लडक़ी के परिजन की तरफ से अलग – अलग रिपोर्ट दी जा रही है।

चौहाबो थानाधिकारी ईश्चर चंद पारिक ने बताया कि आज दिन में सूचना मिली कि एक कॉलोनी में रहने वाले एक युवक ने अपने घर में रस्सी का फंदा कर खुदकुशी कर ली है। युवक के पिता छत के रास्ते से ऊपरी कमरें पर गए तो वह बेटा फंदे पर लटका नजर आया। इस पर बाद में पुलिस को सूचना दी गई। सुसाइड की सूचना के साथ ही घर की तलाशी ली गई तब एक अन्य कमरें में लडक़ी का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। पास में गेंती पड़ी थी, संभवत : उससे वार कर हत्या की गई और युवक ने फंदा लगाया है।

आरंभिक पड़ताल में पता लगा कि युगल मौसेरे भाई-बहन है। लडक़ी को बालिग होने में दस दिन बाकी थे। मार्च प्रथम सप्ताह में उसका जन्म दिन आने वाला है। आधार कार्ड से आरंभिक तौर पर यह जानकारी मिल पाई। युवक 27 साल का है। लडक़ी मंगलवार को ही अपने गांव से जोधपुर मौसी से मिलने आई थी। हत्या और आत्महत्या का कारण फिलहाल पता नहीं चला है। अग्रिम जांच की जा रही है। युवक प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिवार भी मूल रूप से ग्रामीण क्षेत्र का रहने वाला है जोकि वर्तमान में एक कॉलोनी में निवासरत है। यहां घर का मकान बना हुआ है। इधर घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी वेस्ट विनीत कुमार बंसल, एडीसीपी वेस्ट रोशन मीना, एसीपी प्रतापनगर रविंद्र बोथरा, खुद थानाधिकारी ईश्वरचंद पारिक के साथ एफएसएल, डॉग स्क्वायड और एमओबी को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए है। पुलिस ने मौके से रक्तरंजित गेंती को भी बरामद किया है।