dausa-included-pkc-ercp-project

पीकेसी-ईआरसीपी परियोजना में दौसा शामिल, डीपीआर केंद्रीय जल आयोग में परीक्षणाधीन

जयपुर, 13 फ़रवरी । जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने शुक्रवार को विधानसभा में जानकारी दी कि संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चम्बल लिंक परियोजना (पीकेसी-ईआरसीपी एकीकृत) के अंतर्गत लाभान्वित जिलों में दौसा जिला भी सम्मिलित है। उन्होंने बताया कि परियोजना की डीपीआर वर्तमान में केंद्रीय जल आयोग, नई दिल्ली में परीक्षणाधीन है। आयोग से सक्षम स्वीकृति मिलने के बाद ही बांदीकुई के रेहडिया बांध को परियोजना से जोड़ने के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

प्रश्नकाल के दौरान सदस्य भागचंद टांकड़ा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए मंत्री रावत ने बताया कि बांदीकुई स्थित रेहडिया बांध विगत 20 वर्षों में केवल तीन बार ही अपनी पूर्ण भराव क्षमता 187 एमसीएफ तक भर पाया है। इससे पूर्व विधायक टांकड़ा के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि संशोधित पीकेसी-ईआरसीपी एकीकृत परियोजना की डीपीआर केंद्रीय जल आयोग में परीक्षणाधीन है। परियोजना के अंतर्गत जोड़े जाने वाले बांधों के संबंध में अंतिम निर्णय डीपीआर की सक्षम स्वीकृति तथा जल उपलब्धता के आकलन के आधार पर ही लिया जाएगा।