cg-cm-say-board-candidates-boosted-confidence

मुख्यमंत्री साय ने बोर्ड परीक्षार्थियों का बढ़ाया आत्मविश्वास, कहा- ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों

रायपुर , 17 फ़रवरी । केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं आज मंगलवार से शुरू हो रही हैं। वहीं छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजीबीएसई ) की परीक्षा 21 फरवरी 2026 से शुरू होकर 13 मार्च 2026 को समाप्त होगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के छात्र-छात्राओं को परीक्षाओं के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आत्मविश्वास और हौसले के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री साय ने आज मंगलवार काे अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर विद्यार्थियों के नाम अपने आत्मीय संदेश में कहा कि परीक्षाओं का समय जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जिसमें उत्साह के साथ थोड़ा तनाव भी स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि परीक्षाओं का समय आ गया है, मैं जानता हूं कि इन दिनों आपके मन में उत्साह भी है और थोड़ा सा तनाव भी लेकिन सबसे पहले यह जान लीजिए, आप अकेले नहीं हैं, हम सब आपके साथ हैं।उन्होंने कहा कि परीक्षाओं का समय कभी-कभी मन में घबराहट भी लेकर आता है, यह स्वाभाविक है, यदि आपको डर लग रहा है तो इसका अर्थ है कि आप अपनी पढ़ाई और अपने भविष्य को गंभीरता से लेते हैं।

उन्होंने कहा कि सबसे पहले यह समझ लीजिए, डर कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है । लेकिन इस डर को अपने आत्मविश्वास पर हावी न होने दें । आपने पूरे वर्ष मेहनत की है. हर दिन का प्रयास, हर अभ्यास, हर दोहराव — सब आपकी ताकत बनकर आपके साथ खड़े हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी नियमित पढ़ाई करें, कठिन विषयों को दोहराएं, समय का संतुलन बनाए रखें. पर्याप्त नींद लें, पौष्टिक भोजन करें और कुछ समय के लिए मोबाइल से दूरी बनाकर अपने लक्ष्य पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करें ।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के सभी विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने परिवार तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे ।