bjp-state-president-congress

देश और प्रदेश में नेतृत्व विहीन कांग्रेस: मदन राठौड़

अजमेर, 19 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्वविहीन है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जहां भी जाते हैं, वहां की गई घोषणाएं और शिलान्यास संबंधित प्रदेश के लिए वरदान साबित होते हैं।

राठौड़ गुरुवार को अजमेर में पत्रकारों से रूबरू हुए। वे 28 फरवरी को प्रस्तावित प्रधानमंत्री की जनसभा की तैयारियों के सिलसिले में स्थल का जायजा लेने तथा पार्टी के निचले स्तर के पदाधिकारियों से मुलाकात करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि यद्यपि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम सरकारी है, फिर भी भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी उत्साह है। संभाग भर के कार्यकर्ता जनसभा और प्रधानमंत्री के हाथों प्रदेश को मिलने वाली सौगातों एवं नियुक्ति पत्रों को लेकर उत्साहित हैं।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के उद्बोधन और घोषणाओं से राजस्थान को सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बीकानेर में मृदा परीक्षण की घोषणा किसानों के लिए उपयोगी सिद्ध हुई, बालोतरा में रिफाइनरी का शिलान्यास प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण रहा, बांसवाड़ा में एटॉमिक एनर्जी पावर प्लांट की आधारशिला रखी गई तथा जयपुर के दादिया क्षेत्र में ईआरसीपी ‘राम जल सेतु’ परियोजना का शिलान्यास किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी राजस्थान आते हैं, प्रदेश को विकास की नई सौगातें मिलती हैं।

राठौड़ ने राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने भी उत्कृष्ट बजट प्रस्तुत किया है। केंद्र सरकार के बजट के साथ राज्य सरकार की विकास घोषणाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है और आगे भी मिलेगा।

निकाय और पंचायत चुनाव के संदर्भ में उन्होंने पूर्ववर्ती अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले की सरकार ने अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए अव्यवस्थित वार्ड और जिले बनाए। भाजपा सरकार ने जनसंख्या के समान वितरण के आधार पर वार्ड एवं जिलों का गठन किया है, जिससे संतुलित नेतृत्व और समान लाभ सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कांग्रेस की पूर्व सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि उस समय मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने में और उप मुख्यमंत्री सरकार गिराने में व्यस्त रहे। भाजपा सरकार के दो वर्षों में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच वर्ष और भाजपा के दो वर्ष के कार्यकाल की तुलना की जा सकती है। राठौड़ ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और चुनाव तिथियों के संबंध में सरकार की ओर से कोई आग्रह नहीं किया गया। भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

इससे पूर्व राठौड़ ने 28 फरवरी को प्रस्तावित प्रधानमंत्री की सभा स्थल कायड़ विश्राम स्थली पर तैयारियों का निरीक्षण किया। संभाग स्तरीय भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। ज्ञातव्य है कि प्रधानमंत्री मोदी इस जनसभा के माध्यम से 23,500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे तथा रोजगार उत्सव के तहत 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। सभा को सफल बनाने के लिए प्रदेश संगठन पूर्ण रूप से सक्रिय है।