भोपाल में भेल जंगल में मिला युवक का शव, सिर पर गहरे वार के निशान, हत्या की आशंका
भोपाल, 21 फ़रवरी । मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के भेल स्पोर्ट्स क्लब के पास स्थित जंगल क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां ठिकाने लगाने के उद्देश्य से फेंका गया हो। थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत होती है। फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक का रंग सांवला है। उसने नीले-सफेद चेक की शर्ट, ‘Gucci’ लिखी जैकेट और नेवी ब्लू रंग की पैंट पहन रखी है।
पुलिस ने आसपास के थानों को मृतक की तस्वीरें भेजी हैं, ताकि उसकी पहचान की जा सके। साथ ही घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे संदिग्ध गतिविधियों और संभावित आरोपियों का सुराग मिल सके। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









