anurag-thakur-hp-rail-budget

यूपीए की तुलना में मोदी सरकार ने हिमाचल को दिया 27 गुना अधिक रेल बजट: अनुराग सिंह ठाकुर

शिमला, 04 फ़रवरी । पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के लिए रेलवे बजट में अभूतपूर्व वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में हिमाचल प्रदेश को रेलवे विस्तार, आधुनिकीकरण, सुरक्षा परियोजनाओं और विद्युतीकरण के लिए 2,911 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जो यूपीए सरकार के समय दिए गए बजट से 27 गुना अधिक है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को एक बयान में कहा क‍ि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद करते हुए कहा कि मोदी सरकार देवभूमि हिमाचल प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल के लिए रेल नेटवर्क को प्राथमिकता दी है, जिससे राज्य के दुर्गम क्षेत्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में करीब 17,711 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं विभिन्न चरणों में चल रही हैं, जिससे राज्य का रेल नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा। इसके साथ ही बजट में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के चार रेलवे स्टेशनों को 46 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्वरूप में विकसित करने का प्रावधान किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और आधुनिक यात्री अनुभव प्राप्त होगा।

अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक हिमाचल प्रदेश में लगभग 16 किलोमीटर नई रेल लाइनों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा रेल यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए राज्य में 26 फ्लाईओवर और अंडरपास भी विकसित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्य राज्य में सड़क और रेल यातायात के समन्वय को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि मोदी सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश में रेलवे के शत-प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया गया है, जिससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि संचालन लागत में भी कमी आएगी।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में राज्य में रेलवे विकास की गति और तेज होगी।