राजस्थान में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 15 आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 15 फरवरी । राजस्थान में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक साथ सात स्थानों पर कार्रवाई कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और हथियार जब्त किए गए हैं। सभी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि बाड़मेर, पाली, बालोतरा, जालोर, राजसमंद और श्रीगंगानगर में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।
पाली: सांभरिया-दिवेर नाल घाटी में नाकाबंदी के दौरान तस्करों ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में 506 किलो डोडा चूरा, एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, 12 बोर गन, 13 कारतूस और एक स्कॉर्पियो जब्त की गई। जोधपुर निवासी दिनेश को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक घायल तस्कर का उपचार जारी है।
जालोर/धोरीमन्ना: 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर कमलेश को गिरफ्तार किया गया। वह घर में एमडी ड्रग की फैक्ट्री संचालित कर रहा था।
बाड़मेर (रीको क्षेत्र): बाबूलाल को 1.286 किलो अफीम का दूध और 334 ग्राम अफीम सहित पकड़ा गया।
श्रीगंगानगर: हर्ष सोनी को 102.12 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। अन्य कार्रवाई में राणोबाई, सोनीराम और राजकुमार से 96 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं गुरप्रीत सहित चार तस्करों से 115 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।
सायला (जालोर): भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर 4.211 किलो अफीम का दूध और दो कारें जब्त कर पवन, चेतन, अभिषेक और राजूराम को गिरफ्तार किया गया।
आईजी विकास कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए एएनटीएफ की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।









