41st-state-level-animal-exhibi

जींद : राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी में राष्ट्रीय गौशाला धड़ौली ने जीते छह पुरस्कार

जींद, 08 फ़रवरी । कुरुक्षेत्र में आयोजित 41वीं राज्यस्तरीय पशु प्रदर्शनी में राष्ट्रीय गौशाला धड़ौली के पशुओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश ही नही बल्कि देशभर में गौशाला का नाम रोशन किया है। इस प्रदर्शनी में गौशाला धड़ौली के पशुओं ने दो प्रथम पुरस्कार, एक द्वितीय पुरस्कार तथा तीन सांत्वना पुरस्कार प्राप्त कर कुल छह पुरस्कार अपने नाम किए। गौशाला की इस उपलब्धी पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह और पशु पालन विभाग के मंत्री श्याम सिंह राणा ने गौशाला को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

गौशाला के प्रधान स्वामी यज्ञ मुनि ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह उपलब्धि गौशाला में वर्षों से किए जा रहे वैज्ञानिक गौपालन, उत्तम नस्ल संरक्षण, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और समर्पित सेवा का परिणाम है। गौशाला धड़ौली का उद्देश्य केवल पुरस्कार प्राप्त करना नही बल्कि भारतीय देशी गौवंश का संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन करना है। प्रधान यज्ञमुनि ने बताया कि राज्यस्तरीय पशु प्रदर्शनी में प्रदेश भर की अग्रणी गौशालाओं एवं पशुपालकों ने भाग लिया। जहां विशेषज्ञों की टीम द्वारा पशुओं की नस्ल, शारीरिक बनावट, स्वास्थ्य, दुग्ध क्षमता और देखभाल के मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया।

इन सभी मानकों पर राष्ट्रीय गौशाला धड़ौली के पशुओं ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय गौशाला से जुड़े मास्टर सतबीर अत्री, पशु चिकित्सक राजू शर्मा, रामकुमार देशवाल समेत सेवाभावी कार्यकर्ताओं, पशु चिकित्सकों, दानदाताओं और सहयोगियों को देते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही यह गौरवपूर्ण उपलब्धि संभव हो सकी है। प्रधान यज्ञमुनि ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी राष्ट्रीय गौशाला धड़ौली इसी प्रकार गौसेवा, गौवंश संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करती रहेगी।