vande-mataram-played

देशभक्ति के तरानों से गूंजा चित्तौड़ का हृदय स्थल

चित्तौड़गढ़, 25 जनवरी । जिला मुख्यालय पर पहली बार गणतंत्र दिवस पर पुलिस बैंड का आयोजन किया गया। शहर के मध्य हुवे इस कार्यक्रम में पुलिस बैंड के माध्यम में देशभक्ति गीतों के तरानों से शहर का हृदय स्थल कहलाया जाने वाला गोल प्याऊ चौराहा गूंज उठा। इस आयोजन के कई शहरवासी साक्षी बने। वन्देमातरम की प्रस्तुति ने सभी को रोमांचित कर दिया। गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले हुवे इस आयोजन से शहरवासियों के बीच देशभक्ति के जोश का नया संचार हुआ। आयोजन में कई जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, सीएलजी मेंबर के अलावा शहरवासी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 77वें गणतंत्र के उपलक्ष्य में वन्देमातरम कार्यक्रम का आयोजन शहर के मध्य गोल प्याऊ चौराहा स्थित पद्मिनी पार्क में हुआ। इसमें पुलिस बैंड के माध्यम से संगीतमय प्रस्तुति दी गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राज्य एवं भारत सरकार की और से आदेशित इस कार्यक्रम को हमने पद्मिनी पार्क में आयोजित किया। इसके तहत हम सभी देशवासियों में यह संदेश जगाना चाहते हैं कि इस राष्ट्रीय पर्व पर न केवल हम एकजुट रहे, देश की अखंडता संप्रभुता एवं जो भाईचारा है उसे सदैव जिंदा रखे। संपूर्ण हर्षो उल्लास के साथ समाज में स्थापित वैमनस्य का अंत करें। उन्होंने बताया कि आज यह बैंडवादन वंदे मातरम व अन्य देश भक्ति गीतों के साथ यहां आयोजित किया गया। इस आयोजन में चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभानसिंह आक्या, भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, अनिल ईनाणी, कमलेश आमेरिया आदि भी मौजूद रहे।

इस दौरान आधा दर्जन देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति पुलिस बैंड के माध्यम से दी गई। इसमें कुछ गीत इंस्ट्रुमेंटल थे। वहीं पुलिस बैंड के गायक ने ए मेरे प्यारे वतन, तुझ पे दिल कुर्बान गीत गाया तो पूरा माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो उठा। उसके बाद भी कई प्रस्तुतियां दी गई। नीले गगन के तले, नन्हा मुन्ना रही हूं, तेरी मिट्टी में मिल जावा के अलावा राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान की भी प्रस्तुति हुई।

पद्मिनी पार्क में पहली बार हुवे इस तरह के आयोजन को लेकर चित्तौड़गढ़ पुलिस की और से खासी तैयारियां की गई। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह स्वयं पहले से मौजूद रह कर तैयारियों को पूरा करवाया। यहां पुलिस थानों के अलावा लाइन से भी जाब्ता आया था। सभी अनुशासन में कतारबद्ध दिखाई दिए। पार्क में आयोजन स्थल पर रेड कारपेट बिछाया गया था। इस पर पुलिस फ्लैग भी आकर्षण का केंद्र थे। इस दौरान चित्तौड़गढ़ डिप्टी बृजेश सिंह, नव पदोन्नत डिप्टी निरंजन सिंह, प्रशिक्षु डिप्टी मनीष, कोतवाली सीआई तुलसीराम, चंदेरिया सीआई मोतीराम, यातयात प्रभारी आशुतोष, ठाकराराम, सब इंस्पेक्टर शीतल गुर्जर आदि मौजूद रहे।