up-foundation-day-at-uprtou

उत्तर प्रदेश देश का सबसे अग्रणी प्रदेश : प्रोफेसर सत्यकाम

प्रयागराज, 24 जनवरी, । उत्तर प्रदेश देश का सबसे अग्रणी प्रदेश है। आध्यात्मिक, साहित्यिक, पौराणिक, ऐतिहासिक राजनीतिक तथा सांस्कृतिक विरासत इस प्रदेश की थाती है। देश को सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री देने वाला प्रदेश उत्तर प्रदेश है। उक्त विचार उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने मुक्त विवि में आयोजित उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर सफेद गुब्बारे हवा में उड़ाने के उपरान्त व्यक्त किया।

शनिवार को सरस्वती परिसर के अटल प्रेक्षागृह में आयोजित उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि उत्तर प्रदेश हमेशा से इस देश के केन्द्र में रहा है। देश के आठ राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश की सीमा उत्तर प्रदेश को छूती है। उत्तर प्रदेश में विकास की अपार सम्भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को शिक्षा, उद्योग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा सांस्कृतिक क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ाने में जो योगदान दे रहे हैं उससे यह प्रदेश निःसंदेह अग्रणी प्रदेशों में शुमार रहेगा। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सहयोग की सराहना की। कुलपति ने समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित कर उनकी कृतियों को सराहा।

मीडिया प्रभारी डॉ प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आज विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शुरुआत में कुलपति ने सरस्वती, राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन तथा अटल बिहारी बाजपेई की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किये। अटल प्रेक्षागृह के प्रांगण में आंचल अग्रवाल द्वारा बनाई गई रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर प्रयागराज की विरासत शीर्षक से पोस्टर प्रदर्शनी में लगाए गए पोस्टरों की सराहना की गयी। जिसमें प्रयागराज के पौराणिक महत्व को दिखाया गया। उत्तर प्रदेश आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चार टीमों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश के वस्त्र उद्योग का भी प्रदर्शन किया गया। जिसकी विशेष चर्चा रही।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि समारोह का मुख्य आकर्षण अटल प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन रहा। जिसमें उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज के सहयोग से कृति श्रीवास्तव एवं उनकी टीम द्वारा उत्तर प्रदेश की संस्कृति पर आधारित लोकगीत एवं लोकनृत्य का प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात दिनेश यादव एवं टीम द्वारा बिरहा लोकगायन से श्रोताओं ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में कुलपति द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी एवं प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों आंचल अग्रवाल, श्रेष्ठ पाण्डेय, डॉ तूबा फात्मा, शिवा मिश्रा, नेहा त्रिपाठी एवं संजय सिंह को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया गया।