केन्द्रीय मंत्री शिवराज ने निभाया वादा, दिव्यांग पन्नालाल को भेंट की मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
भोपाल, 23 जनवरी । केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर मानवीय पहल की मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने वादे के अनुसार दिव्यांग पन्नालाल को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल सौंपी।
दरअसल, केन्द्रीय मंत्री चौहान की बीते 18 जनवरी को मध्य प्रदेश के विदिशा दौरे के दौरान उनकी मुलाकात ठेले पर पिंड खजूर बेचकर जीवनयापन करने वाले दिव्यांग पन्नालाल से हुई थी। उस समय शिवराज ने पन्नालाल से खजूर खरीदने के बाद उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल देने का आश्वासन दिया था। आज शुक्रवार को शिवराज ने पन्नालाल को अपने भोपाल स्थित निवास पर आमंत्रित किया और उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल सौंपकर अपना वादा पूरा किया। इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे आगे भी बहुदिव्यांग व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराएंगे, ताकि उन्हें रोजगार करने और आने-जाने में सहूलियत मिल सके।
पन्नालाल को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भेंट करने से पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भावुक शब्दों में कहा कि हम सब एक परिवार की तरह हैं और जो भाई-बहन पीछे रह गए हैं या जिनके जीवन में कठिनाई है, उनकी मदद करना हमारा दायित्व है। शिवराज ने बताया कि पन्नालाल से मुलाकात के दौरान दोस्ती हो गई और उन्होंने बस एक ही बात कही कि चलने-फिरने में दिक्कत होती है, इसलिए मुझे मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे हालात कैसे भी हों, दोस्ती और सहयोग की भावना हमेशा बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि इस भेंट को वह उसी चौराहे पर देना चाहते थे, लेकिन कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण पन्नालाल और उनकी पत्नी को अपने निवास पर बुलाकर यह भेंट की गई।
शिवराज ने कहा कि यह वाहन सिर्फ यात्रा के लिए नहीं, बल्कि रोजगार के लिए भी उपयोगी होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कि वे ऐसे बहुदिव्यांगों और जरूरतमंद भाई-बहनों की पहचान करेंगे और उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराएंगे, ताकि उनका जीवन और रोजगार आसान हो सके। बता दें कि संसदीय क्षेत्र गंजबासौदा से ट्रेन के जरिए भोपाल पहुंचे शिवराज ने सफर के दौरान यात्रियों से बातचीत की और बच्चों और युवाओं के साथ सेल्फी भी ली।









