स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के आश्रम पहुंचकर कांग्रेसियों ने जताया रोष
हरिद्वार, 23 जनवरी । कांग्रेस नेताओ ने आज स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के कनखल स्थित आश्रम पहुंचकर उत्तर प्रदेश की योगी और केंद्र सरकार की मोदी सरकार के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्यों के साथ उत्तर प्रदेश सरकार की पुलिस और प्रशासन द्वारा की गई अभद्रता हिंदुओं की आस्था पर चोट करना है। ये स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का अपमान नहीं बल्कि देश के करोड़ों हिंदुओं का अपमान है और हिन्दू धर्म इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। युवा नेता अखिल शर्मा त्यागी और मनोज जाटव ने कहा कि हिंदुओं और भगवान राम के नाम पर सत्ता में आई सरकार शंकराचार्य का अपमान करने से भी नहीं डर रही है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्य कमलेश पांडेय ने बताया कि योगी सरकार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान की कीमत चुकानी पड़ेगी। अब पूरा हिंदू समाज शंकराचार्य जी के समर्थन में उतर आया है। योगी सरकार द्वारा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लगातार मिल रहे नोटिस से स्पष्ट है कि भाजपा सरकार हिन्दू विरोधी ही नहीं हिंदुओं का अपमान करने से भी बाज नहीं आ रही है।









