traffic-awareness-street-play-organised

दलपत सागर आईलैंड में यातायात जागरूकता नुक्कड़ नाटक का आयोजन

जगदलपुर, 15 जनवरी । जिले के दलपत सागर आईलैंड में सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत जिले में यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन में जिलेभर में सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । इसी क्रम में गुरूवार शाम शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल दलपत सागर आईलैंड में कुटुंब ह्यूमैनिटी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा एक प्रभावशाली यातायात जागरूकता नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को ट्रैफिक नियमों के पालन एवं सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति सजग करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर जगदलपुर नगर निगम संजय पांडे तथा विशिष्ट अतिथि नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन उपस्थित रहे। साथ ही यातायात उप पुलिस अधीक्षक संतोष जैन, एएसआई यतेंद्र देवांगन, सुदर्शन दुबे सहित यातायात विभाग का स्टाफ, शहर के गणमान्य नागरिक, पर्यटक एवं आमजन कुल लगभग 200 लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना, ओवर स्पीड, ओवरटेकिंग और लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग किस प्रकार गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती है। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। इस अवसर पर अतिथियों ने सड़क सुरक्षा, दुर्घटना रोकथाम और स्वयं की जिम्मेदारी को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उपस्थित लोगों ने यातायात नियमों का सदैव पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना रहा।