संस्कृति उत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना: गिरीश चंद्र यादव
जौनपुर, 25 जनवरी । यूपी के जौनपुर में संस्कृति उत्सव-2026 और उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के दूसरे दिन के कार्यक्रम का आयोजन रविवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव ने किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश यादव ने कहा कि संस्कृति उत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने में सहायक होगा।
एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की गौरवशाली गाथा अत्यंत प्राचीन है। उन्होंने कहा कि शासन इस समृद्ध विरासत को सहेजने और संरक्षित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश से सम्बंधित मासिक पत्रिका और कैलेंडर का स्टॉल भी लगाया गया था। आगंतुकों में किताबों का वितरण किया गया, जिससे शासन की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर विधायक मड़ियाहू डॉ. आर.के. पटेल, सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









