sankrachary-avikmuktesra-nand-

कांग्रेस ने रखा मौन उपवास

हल्द्वानी, 25 जनवरी । माघ मेले, प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ कथित अमर्यादित व्यवहार के विरोध में महानगर कांग्रेस ने रविवार को हल्द्वानी के प्राचीन राम मंदिर प्रांगण में दो घंटे का मौन उपवास रखा।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौन उपवास के माध्यम से सनातन धर्म, संत समाज और धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान प्रकट किया। मौन उपवास का समापन सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुआ।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि माघ मेले जैसे पावन आयोजन में साधु-संतों के साथ हुई बदसलूकी अस्वीकार्य है और यह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि संत-महात्माओं का अपमान सनातन संस्कृति और देश की धार्मिक विरासत पर आघात है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।