republic-day-celebration-nainital

नैनीताल में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया

नैनीताल, 26 जनवरी । 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस नैनीताल जनपद में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलेभर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, प्रभात फेरियां निकाली गईं और देश के वीर बलिदानियों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और शिक्षण परिसरों में प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण कर संविधान के प्रति निष्ठा, एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली गई।

जिला मुख्यालय में कुमाऊँ कमिश्नरी में आयुक्त कुमाऊँ एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

उन्होंने कहा कि संविधान ने नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराया है और अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा नैतिक आचरण के साथ कार्य करना प्रत्येक लोक सेवक की जिम्मेदारी है।

जिला कलक्ट्रेट नैनीताल में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है और सभी को समानता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

नैनीताल पुलिस लाइन और जनपद के विभिन्न कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुए और मिष्ठान्न वितरित किया गया।

मल्लीताल स्थित फ्लैट मैदान में भव्य पुलिस परेड, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि आयुक्त कुमाऊँ दीपक रावत ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को संविधान, उसके मूल्यों और अधिकारों की जानकारी देने तथा खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कार्मिकों को सम्मानित किया गया और विभिन्न विभागों की विकास झांकियां प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेंद्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, मनोज कत्याल, रेवाधर मठपाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इसी क्रम में डीएसबी परिसर में भी 77वां गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कुलपति कर्नल प्रो. दिवान एस रावत ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान हुआ। उन्होंने 2047 विकसित भारत के लक्ष्य के लिए सभी को योगदान देने का आह्वान किया। 79 बटालियन एनसीसी ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। नैनीताल नगर पालिका, उच्च न्यायालय और नैनीताल चिड़ियाघर सहित अन्य संस्थानों में भी विशेष कार्यक्रमों के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया।