rehabilitated-youth-participated-republic-day-cere

मुख्यधारा में लौटे पुनर्वासित सैकड़ाें युवा पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह में हुए शामिल

बीजापुर , 26 जनवरी । जिलास्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन बीजापुर के मिनी स्टेडियम में किया गया, जहां छत्तीसगढ़ शासन के वन तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्य समारोह में इस वर्ष एक भावनात्मक और प्रेरक दृश्य देखने को मिला, जब पुनर्वासित सैकडाें की संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की ।

वर्षों तक नक्सली हिंसा से जुड़े रहकर राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस का विराेध करते रहे और काले झंड़े फहराते रहे। वहीं युवा आज पहली बार लोकतांत्रिक व्यवस्था के इस गरिमामय राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस का साक्षी बने और समारोह को देखकर अभिभूत नजर आए । मुख्य कार्यक्रम में शामिल होकर युवाओं ने देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का जीवंत अनुभव किया। उनके लिए यह अवसर न केवल एक उत्सव था, बल्कि जीवन की नई दिशा और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक भी बना ।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के संकल्प के अनुरूप, छत्तीसगढ़ शासन की आकर्षक एवं प्रभावी पुनर्वास नीति के तहत इन युवाओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास जताते हुए आत्मसमर्पण किया है। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर समारोह में शामिल होकर उन्होंने स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई । यह सहभागिता इस बात का सशक्त संकेत है कि शांति, विकास और लोकतंत्र के मार्ग पर बढ़ता छत्तीसगढ़ अब नई उम्मीदों और विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है ।