programm-aayojit-in-colledge-

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस राजगढ़ में बसंत पंचमी, सुभाषचंद्र बोस जयंती एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गरिमामय आयोजन

राजगढ़,23 जनवरी । मप्र के राजगढ़ स्‍थ‍ित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में बसंत पंचमी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस जयंती तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रभक्ति तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख डॉ. वी.बी. खरे द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि बसंत पंचमी ज्ञान, सृजन और नवचेतना का प्रतीक पर्व है, जो जीवन में सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संचार करता है। साथ ही उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस का जीवन युवाओं के लिए राष्ट्रभक्ति, त्याग और अटूट संकल्प की अमूल्य प्रेरणा है। उनके विचार और कार्य आज भी युवाओं को देश के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में डॉ. मंगलेश सोलंकी ने बसंत पंचमी के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह पर्व ज्ञान, कला और विद्या की आराधना का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने नेताजी सुभाषचंद्र बोस के संघर्षपूर्ण जीवन, अद्वितीय देशभक्ति तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनके अमूल्य योगदान का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन साहस, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।

इस अवसर पर डॉ. शैलेन्द्रकुमार मेवाड़े ने बसंत ऋतु के आगमन को नव उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक बताया। उन्होंने नेताजी सुभाषचंद्र बोस के क्रांतिकारी विचारों, ओजस्वी व्यक्तित्व और प्रेरक नारों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” जैसे नारे आज भी युवाओं के हृदय में देशप्रेम की भावना जागृत करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में उपस्थित स्टाफ एवं विद्यार्थियों को मतदाता शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से सभी को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने का संकल्प दिलाया गया कार्यक्रम में डॉ. मोहनपुरी, डॉ. दिनेश मालवीय सहित महाविद्यालय का शैक्षणिक स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन भारतीय ज्ञान परंपरा की नोडल अधिकारी डॉ. सुनीता साहू द्वारा किया गया।