party-workersassist-voter-list

मतदाता सूची संशोधन में घर-घर कुंडी खटखटाएंगे कार्यकर्ता : शिवराम सिंह

कानपुर, 24 जनवरी । पार्टी कार्यकर्ता अपने समर्थक मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाने में सहयोग करेंगे। छह फरवरी तक नाम जोड़ने, हटाने, स्थानांतरण और संशोधन के लिए ऑनलाइन और ऑफ लाइन दोनों तरह से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इस दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर रविवार 25 जनवरी को सभी बूथ अध्यक्ष, बीएलए टू और बूथ कमेटी के सदस्य अपने अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे। यह निर्देश शनिवार को भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को दिए।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन होने के बाद राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता 25 जनवरी को घर-घर कुंडी खटखटाएंगे। रविवार को सभी शक्ति केंद्रों पर पार्टी कार्यकर्ता क्षेत्रीय जनता के साथ पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनेंगे। एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को खोजेंगे और फार्म-6 भरवा कर बीएलओ के पास जमा कराएंगे। पार्टी ने तय किया है। कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार 25 जनवरी को सभी 1145 बूथों पर बीएलए और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने जिला पदाधिकारियों, मण्डल अध्यक्षों एवं पार्षदों के साथ एसआईआर अभियान संबंधी बैठक की। उन्होंने कहा कि रविवार को सभी 1145 बूथों पर चार से पांच कार्यकर्ताओं की टोलियां बूथों पर घर-घर पहुंचेगी और 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को खोजकर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएंगी।

उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न हो इसके लिए विधानसभा, मंडल, शक्तिकेंद्र एवं बूथ स्तर पर जिला पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी कार्यकर्ता अभी तक मतदाता बनने से वंचित रह गए लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं।

बैठक में गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, मनीष त्रिपाठी, अनुराग शुक्ला, पार्षद अखिलेश बाजपेई, उमेश शुक्ला, मनीष मिश्रा, आरती विजय गौतम, शालू, सुनील कनौजिया, निर्देश चौहान, योगेंद्र शर्मा, बिट्टू परिहार, अर्जुन बेरिया, पवन दीक्षित, दीपांकर मिश्रा आदि मौजूद रहे।