mp-constable-committed-suicide

शहडोल: पुलिस लाइन में ड्यूटी के दौरान कॉन्स्टेबल ने खुद को गोली मारकर किया सुसाइड, आवाज सुनकर पहुंचे पुलिसकर्मी

शहडोल, 23 जनवरी । मध्य प्रदेश के शहडोल पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र में गुरुवार–शुक्रवार की दरमियानी रात ड्यूटी के दौरान एक कॉन्स्टेबल ने खुद काे गाेली मारकर सुसाइड कर लिया। घटना देर रात करीब 1:25 बजे की है। गोली चलने की आवाज सुनकर रात में ही आसपास सो रहे अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 29 वर्षीय शिशिर सिंह राजपूत के रूप में हुई है, जो शहडोल पुलिस लाइन में पदस्थ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले कॉन्स्टेबल मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रहा था। इसके बाद अचानक गोली चलने की आवाज आई। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और पुलिस लाइन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

घटनास्थल से सर्विस राइफल और टूटा हुआ मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी तथ्यों की जांच की जा रही है।

जबलपुर का निवासी था शिशिर सिंह

पुलिस के अनुसार, शिशिर सिंह राजपूत मूल रूप से जबलपुर का रहने वाला था। उसके पिता स्वर्गीय शरद सिंह थे। वर्ष 2013 में उसे अनुकंपा नियुक्ति के तहत बाल आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा में प्रवेश मिला था। वर्ष 2015 में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद वह नियमित आरक्षक के पद पर नियुक्त हुआ। वर्तमान में उसकी पदस्थापना शहडोल पुलिस लाइन में थी। परिवार में उसकी मां और तीन बहनें हैं। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

घटना के कारणों की जांच जारी

बताया जा रहा है कि कॉन्स्टेबल ने दो दिन पहले ही नया मोबाइल फोन खरीदा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घटना से ठीक पहले हुई बातचीत का कोई संबंध इस मामले से है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पुलिस लाइन में शोक का माहौल है।