मंदसाैर: गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में कलेक्टर अदिती गर्ग करेंगी झंडा वंदन, शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगे
मंदसौर 25 जनवरी । मध्य प्रदेश के मंदसाैर जिले में गणतंत्र दिवस के मौके पर साेमवार, 26 जनवरी को जिला मुख्यालय पर राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय मन्दसौर के क्रीड़ा परिसर में जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पर कलेक्टर एवं समारोह के मुख्य अतिथि अदिती गर्ग झंडा वंदन करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रात: 8.55 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा। प्रात: 9 बजे झंडा वंदन एवं राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की जाएगी। इसके पश्चात प्रात: 9.05 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा। प्रात: 9.17 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। प्रात: 9.37 बजे परेड द्वारा हर्ष फायर किया जाएगा, वहीं प्रात: 9.45 बजे परेड द्वारा मार्च पास्ट होगा।
प्रात: 10 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। प्रात: 10.30 बजे विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा तैयार झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रात: 10.45 बजे पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। अंत में प्रात: 10.55 बजे कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। वही सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन द्वारा बताया कि गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को जिला पंचायत कार्यालय मंदसौर में सुबह 8 बजे जिला पंचायत अध्यक्षा दुर्गा विजय पाटीदार द्वारा झण्डा वंदन किया जायेगा।
भारत पर्व पर कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में होंगे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
गणतंत्र दिवस की संध्या पर लोकतंत्र के लोकोत्सव भारत पर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन साेमवार को सायंकाल 6 बजे से कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम, शासकीय महाविद्यालय, मंदसौर में आयोजित होगा। भारत पर्व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अदिती गर्ग रहेंगी। भारत पर्व के अवसर पर देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दशार्ते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य, संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग, मंदसौर द्वारा एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रदेश के चहुंमुखी विकास, संविधान के मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों से संबंधित जानकारी को आकर्षक एवं जन-सुलभ रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और संवैधानिक मूल्यों से अवगत कराना है।









