डीडीसी ने सड़क सुरक्षा माह का किया शुभारंभ, जागरूकता रथ को किया रवाना
पश्चिमी सिंहभूम, 01 जनवरी । जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 की शुरुआत गुरुवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) उत्कर्ष कुमार ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर की। यह अभियान 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर डीडीसी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। जनवरी माह के दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय लोगों को सुरक्षा दूत के रूप में चिन्हित कर समाज में सकारात्मक संदेश फैलाया जाएगा। डीडीसी ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों के प्रति मानवीय संवेदना रखते हुए हर संभव सहयोग करना समाज की जिम्मेदारी है।
इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 की थीम सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को सड़क सुरक्षा के महत्व से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे और सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में प्रभावी अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।









