jh-minister-hafijul-hoisted-national-flag-in-devgh

मंत्री हफीजुल अंसारी ने देवघर में फहराया राष्ट्रीय ध्वज, दी सलामी

देवघर, 26 जनवरी । गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंत्री हफीजुल हसन ने केकेएन स्टेडियम देवघर में सोमवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर मंत्री ने देश और राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है और संविधान ही भारत को एक सूत्र में बांधने वाली सबसे बड़ी शक्ति है। मंत्री ने संविधान के अनुकरण को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाना है।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ भारत एक संप्रभु और स्वतंत्र लोकतांत्रिक राष्ट्र बना। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं बल्कि सामाजिक न्याय का आधार है। मंत्री ने देवघर जिले में चल रही और प्रस्तावित विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 700 करोड़ की लागत से सिकटिया फेज-1 से जल्द सिंचाई सुविधा शुरू की जाएगी, जबकि सिकटिया फेज-2, कृष्णा सागर डैम और बुढई मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना को शीघ्र स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुनासी जलाशय से शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति योजना जल्द शुरू होगी और मार्च 2026 तक पूरे जिले में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। मौके पर मंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, बिजली, सड़क, सिंचाई और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की कार्य प्रगति योजनाओं की विशेष जानकारी दी। साथ ही अलग–अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, स्कूली बच्चों और समाजसेवियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला उपायुक्त, एसपी, अधिकारी–पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे।