jh-123rd-birth-anniversary-of-marang-gomke-jaipal

समारोह पूर्वक मनाई गई मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की 123 वीं जयंती

खूंटी, 03 जनवरी । अलग झारखंड राज्य के स्वप्नदृष्टा और महान हॉकी खिलाड़ी मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की 123 वीं जयंती शनिवार को उनके पैतृक गांव खूंटी के टकरा में समारोह पूर्वक मनाई गई।

मौके पर खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा, तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया, खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा, पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, जिला सचिव सुशील पहान, उपाध्यक्ष गुलशन सिंह मुंडा, संगठन सचिव शंकर सिंह मुंडा सहित विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनकी समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किया।

साथ ही गांव में लगी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। मौके पर मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के योगदान और उनके प्रेरणादायक विचारों को साझा करते हुए कहा गया कि स्व जयपाल सिंह मुंडा आदिवासियों और झारखंड आंदोलन के सर्वाेच्च नेता के साथ ही जाने-माने राजनीतिज्ञ, पत्रकार, लेख और 1925 में ऑक्सफोर्ड ब्लू का खिताब पानेवाले एक मात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी थे। लोगों से उसके बताए मार्ग पर चलते हुए अपने गांव राज्य और देश के विकास में योगदान देने की अपील की गई।

इस अवसर पर गांव के मैदान में फुटबॉल मैच का आयोजन कर विजेता और उपविजेता टीमों के बीच पुरस्कारों का वितरण किया गया।

समारोह में आसपास गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला पुरुष शामिल हुए। दूसरी ओर शहर के तमाड़ मोड़ पर स्थापित मारंग गोमके की प्रतिमा पर भी सांसद, कालीचरण मुंडा, उपायुक्त आर राॅनिटा सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित की।