hr-pvt-school-nayabsaini-

स्कूल सोसायटियों पर लगाया जुर्माना माफ करे सरकार

चंडीगढ़, 29 जनवरी । हरियाणा प्राईवेट स्कूल संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात करके स्कूल सोसायटियों पर लगाए गए जुर्माने को माफ करने की मांग की है।

संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने गुरुवार को बताया कि सोसाइटी एक्ट 2012 के अनुसार सभी पंजीकृत सोसायटी को रिन्यू करवाने के आदेश दिए गए थे और उन सोसायटियों से 700 रुपए वार्षिक शुल्क जमा करवाने के लिए वर्ष 2017 से ऑनलाइन प्रक्रिया की शुरुआत की गई व फ़ीस ऑनलाइन न करने पर 20 रूपए प्रतिदिन का जुर्माना निर्धारित किया गया लेकिन किसी भी सोसायटी को इसकी सूचना नहीं दी गई और वर्ष 2013 से यह जुर्माना लगा दिया गया जबकि ऑनलाइन प्रक्रिया की शुरुआत 2017 से हुई।

अब ये जुर्माना प्रति सोसायटी करीब एक – एक लाख रुपए से भी ज्यादा बन गया जिसका कोई भी नोटिस या सूचना स्कूलों या सोसायटियों को नहीं दी गई। प्राईवेट स्कूल संघ का एक प्रतिनिधिमंडल इससे पहले 17 अक्टूबर 2025 को भी सीएम हाऊस चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला था और उन्होंने स्कूल सोसायटियों का जुर्माना माफ करने का संघ प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक इसका लेटर जारी नहीं किया गया है। इस पर उन्होंने कहा कि आपका मामला संबंधित विभाग को भेज दिया गया और शीघ्र ही पॉलिसी अनुसार इसका समाधान कर दिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू के साथ एडवाइजर अजय खुडिय़ा, नरेंद्र, बिजेंद्र कुंडू ,मुकेश आदि मौजूद थे।