hr-cm-gurugram-prog-

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में गणतंत्र दिवस पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज, शहीदों को किया नमन

चंडीगढ़, 26 जनवरी । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। आज हरियाणा समृद्धि की एक नई परिभाषा लिख रहा है। मुख्यमंत्री ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला गुरुग्राम में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले उन्होंने वीर शहीदी स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड तथा स्काउट्स सहित विभिन्न टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण किया और उन्हें सलामी ली।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन की शुरुआत अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान शिल्पी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए की और कहा कि वंदे मातरम और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से ओत-प्रोत यह गणतंत्र दिवस हमें देश की एकता, सांस्कृतिक गौरव और स्वावलंबन की भावना का स्मरण कराता है। विविधताओं से भरा हमारा राष्ट्र सदैव एकता के सूत्र में बंधा रहा है, जिसकी झलक वंदे मातरम के 150 वर्षों के गौरवपूर्ण उत्सव में दिखाई देती है। आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ते हुए भारत आज विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है, जो प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं का ही परिणाम है कि आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। पिछले 11 वर्षों में प्रदेश में 12 लाख 92 हजार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे लगभग 49 लाख लोगों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग अर्थव्यवस्था की रीढ़ और रोजगार का बड़ा माध्यम हैं, इसलिए ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूत करते हुए पुराने नियमों और जटिल प्रक्रियाओं को समाप्त किया गया है। आज निवेशकों को 150 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं और सभी स्वीकृतियां 12 दिनों के भीतर सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संतुलन के उद्देश्य से प्रदेश के हर हिस्से में औद्योगिक विकास किया जा रहा है—आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी का सबसे बड़ा प्लांट, सुजुकी मोटरसाइकिल और यूएन मिंडा ग्रुप का एलॉय व्हील प्लांट स्थापित हो रहा है। वहीं गुरुग्राम आईटी और स्टार्टअप्स का वैश्विक केंद्र बन चुका है, जहां ‘ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट’ के तहत एक हजार एकड़ में टाउनशिप विकसित की जा रही है, जबकि नारनौल में लॉजिस्टिक्स हब, हिसार में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और सोहना में इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क विकसित किया जा रहा है।

गुरु द्रोण की नगरी गुरुग्राम— शिक्षा एवं आधुनिकता का संगम

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें गुरु द्रोण की नगरी गुरुग्राम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम वह शहर है, जहां गुरु द्रोणाचार्य की शिक्षा और आधुनिक तकनीक का मेल देखने को मिलता है। यहां 250 से अधिक फॉर्च्यून–500 कंपनियों की मौजूदगी और मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम इस बात का प्रमाण हैं कि सही नीति और सशक्त नीयत के साथ असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। आईटी, बीपीओ, स्टार्टअप्स और ऑटोमोबाइल उद्योगों का प्रमुख केंद्र बने गुरुग्राम की यह सफलता यहां के नागरिकों की कड़ी मेहनत और सहभागिता का परिणाम है, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने सभी गुरुग्रामवासियों को हार्दिक बधाई दी।