health-centre-inspection

बलरामपुर : स्वास्थ्य केंद्रों की सघन जांच, बंद मिले उप-स्वास्थ्य केंद्र पर कार्रवाई के निर्देश

बलरामपुर, 18 जनवरी । जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने रव‍िवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरकोल, चलगली, उप-स्वास्थ्य केंद्र कपिलदेवपुर, गिरवरगंज तथा वाड्रफनगर स्थित 100 बिस्तरीय अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, मानव संसाधन की उपलब्धता और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति की गहन समीक्षा की।

दौरे के समय डॉ. सिंह ने प्राथमिक एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी संचालन, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण सहित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, समय पर एएनसी जांच, उच्च जोखिम गर्भावस्था के चिन्हांकन, रेफरल व्यवस्था, संस्थागत प्रसव, प्रसव उपरांत देखभाल और टीकाकरण सेवाओं को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप-स्वास्थ्य केंद्र गिरवरगंज बंद पाया गया। इस पर सीएमएचओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में इस तरह की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात वाड्रफनगर स्थित 100 बिस्तरीय अस्पताल के निरीक्षण में कई कमियां सामने आईं। अस्पताल के वार्डों और शौचालयों में साफ-सफाई अपेक्षित स्तर की नहीं पाई गई। इसके अलावा वार्डों में शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित नहीं थी, एनआरसी में भर्ती बच्चों का फूड चार्ट भी नहीं लगाया गया था और टीबी जांच की प्रगति भी संतोषजनक नहीं मिली। ड्यूटी रोस्टर के अनुसार कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीएमएचओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

डॉ. सिंह ने अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी अधिकारी को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए और संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से निवास करने, समय पर ड्यूटी में उपस्थित रहने और आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए।

सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए आगे भी नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले के नागरिकों को बेहतर और भरोसेमंद चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।